उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगी। यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार छात्रों को अपना आधार और मोबाइल नंबर लिंक करना अनिवार्य कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से यूजी-पीजी में 20 अगस्त तक प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने की तिथि तय की गई है। जिले में राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय कार्यालय है। वाराणसी सहित आसपास के नौ जिलों के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 300 अध्ययन केंद्र हैं। विश्वविद्यालय की ओर से इस साल एमएससी मैथमेटिक्स व एमएससी पर्यावरण विज्ञान दो नए विषय शुरू किए गए हैं। एमबीए और एमसीए में छात्र प्रवेश ले सकते हैं। क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने बताया कि छात्रों को प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना जरूरी है। यूजी-पीजी के साथ ही रोजगार, डिप्लोमा कोर्स सहित 70 कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया को बहुत सरल और सुलभ बनाया गया है।