पीएचसी चिरईगांव में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक एनडी शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, फार्मेसी, लेबर रूम, लैब सहित पूरे स्वास्थ्य केंद्र का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन करते हुए एक-एक कर स्वास्थ्य कर्मियों से फीडबैक लिया। इसके बाद प्रसव कक्ष में भर्ती प्रसूताओं से बात की। वहां दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अपर निदेशक ने प्रसूताओं को प्रसव के बाद जन्म के एक घंटे के भीतर मां का दूध अवश्य पिलाने की सलाह दी। साथ ही नाश्ता, भोजन व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पीएचसी प्रभारी को एक सुझाव रजिस्टर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा अभिलेखों के बेहतर रखरखाव व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।इस अवसर पर मुख्य पीएचसी प्रभारी मनोज कुमार वर्मा, चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मानसी गुप्ता, डॉ. सुजीत मौर्य आदि मौजूद रहे।