वाराणसी। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने शनिवार को महेशपुर में सिक्स लेन पर यूटर्न के लिए कट खोलने के मामले में शनिवार को निरीक्षण किया। संवाद में स्थानीय लोगों ने बताया कि महेशपुर समेत आसपास मार्ग पर कट का अभाव है। 25 हजार की आबादी रोज परेशान हो रही है। सड़क पार करने के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ रही है। ट्रांसपोर्टरों ने भी अपना दुखड़ा सुनाया। कहा कि महेशपुर में ट्रक मोड़ने के लिए एक भी कट या यूटर्न नहीं है। ट्रैक बदलने के लिए कई किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। लोगों ने बताया कि वर्तमान में या तो उन्हें बौलिया त्रिमुहानी से घूमना पड़ता है या फिर चांदपुर के बांटा मोड़ से। ऐसा करने में दुर्घटना का खतरा रहता है। महेशपुर क्षेत्र में सड़क के दोनों तरफ 6 से अधिक निजी स्कूल और कई शिक्षण संस्थान है, जहां पांच हजार से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। प्राचीन शिव मंदिर, विद्यालयों, विद्यापीठ ब्लॉक कार्यालय और सरकारी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना भी कठिन हो गया है। एडीसीपी यातायात ने अधिकारियों से वार्ताकर सुरक्षित यूटर्न का आश्वासन दिया। ब्यूरो