वाराणसी। आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की खराब प्रगति मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का वेतन रोका गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सीडीओ मधुसुदन हुल्गी ने विकास भवन में समीक्षा के दौरान खराब प्रगति मिलने पर यह कार्रवाई की। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी से जुड़े बच्चों की सेहत को लेकर लक्ष्य के सापेक्ष संतोषजनक कार्य न मिलने पर एडिशनल सीएमओ डा.एके गुप्ता का दिसंबर माह का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। उधर गोल्डन कार्ड बनाने में लापरवाही पर स्वास्थ्य केद्र प्रभारियों का वेतन रोकने का भी निर्देश दिया है। बिजली विभाग के अधिकारियों को बिल न जमा करने वाले कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने, गोआश्रय न बनवाने वाले एडीओ, ग्राम सचिव को चेतावनी जारी करने, सामुदायिक विकास कार्यक्रम में पेंशन योजना, शादी अनुदान योजना, पोषण अभियान, सामुदायिक शौचालय, आपरेशन काया कल्प की मानीटरिंग करते रहने का निर्देश दिया।