फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi: सोनभद्र हादसे में पांच बरातियों की मौत, सगे भाइयों सहित एक साथ उठीं चार अर्थियां तो रो उठा गांव

Sun, 19 Feb 2023 04:50 PM IST
वाराणसी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार


वाराणसी के पूरेनंदा (बेलवां) गांव से शुक्रवार को सोनभद्र गए बरातियों की पिकअप पलटने से दो सगे भाइयों सहित पांच लोगों की मौत हुई थी। हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम के बाद पूरेनंदा (बेलवां) गांव में एक-एक कर चार लोगों का शव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
विज्ञापन
मृतक के घर ग्रामीण महिलाओं की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी के पूरेनंदा (बेलवां) गांव से शुक्रवार को सोनभद्र गए बरातियों की पिकअप पलटने से दो सगे भाइयों सहित पांच लोगों की मौत हुई थी। हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। शनिवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पूरेनंदा (बेलवां) गांव में एक-एक कर चार लोगों का शव पहुंचा तो कोहराम मच गया। चीख-पुकार के बीच एक ही परिवार से सगे भाइयों सहित चार लोगों की अर्थियां उठीं तो ग्रामीण भी आंसुओं की धार नहीं रोक सके। सबकी अंत्येष्टि मिर्जापुर में कछवा क्षेत्र स्थित बरैनी घाट पर गंगा किनारे की गई।

विज्ञापन


कपसेठी थाना क्षेत्र के पूरेनंदा (बेलवां) गांव निवासी रामाश्रय शर्मा के बेटे धीरज की बरात शुक्रवार को सोनभद्र जिले के कुसी डौर गांव गई थी। बरात में एक पिकअप पर सवार होकर 14 लोग गए थे। बरात में शामिल लोगों के अनुसार, जनवासे से थोड़ी दूर पहले ही एक बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक ने पिकअप की रफ्तार बढ़ाई और वह अनियंत्रित होकर पलट गई।

लड़की पक्ष के लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पिकअप सवार बरातियों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पाकर लड़की पक्ष के लोग सभी को राबर्ट्सगंज स्थित जिला अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने मेहंदीगंज निवासी शशि शर्मा (26) और पूरेनंदा (बेलवां) गांव के विनय राजभर (35) को मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही घायल 12 लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।

Trending Videos

वाराणसी आते समय रास्ते में विनय राजभर के सगे भतीजे आर्यन राजभर (14) ने दम तोड़ दिया। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान आर्यन के बड़े भाई अरुण राजभर (19) की मौत हो गई। इसके अलावा आर्यन के परिवार के ही और रिश्ते में चाचा लगने वाले प्रदीप राजभर (35) की लंका स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है। हादसे में घायल अजय, सरोज, आदित्य, अमनदीप, आकाश, अंकित, रौनक, अजीत और जीऊत का उपचार वाराणसी के अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है।

मौत के बाद पैसे के लिए नहीं दे रहे थे शव
हादसे में घायल प्रदीप कुमार को लंका स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान प्रदीप की मौत हो गई। परिजनों के पास जितना पैसा था उतना देकर शव लेकर जाने लगे तो हॉस्पिटल प्रबंधन ने उन्हें रोक दिया। हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना था कि पूरा पैसा देने के बाद ही शव ले जाने देंगे। इसकी जानकारी मंत्री अनिल राजभर को हुई तो उन्होंने नाराजगी जताई। सीएमओ को फोन कर तत्काल परिजनों को शव दिलाने को कहा। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन ने प्रदीप का शव परिजनों को सौंपा।

मुंबई से मौत खींच ले आई

मुंबई में काम कर परिवार का गुजर-बसर करने वाले विनय राजभर को मौत घर खींच ले आई। दरअसल, विनय दूल्हे का दोस्त था। दोस्त के बुलाने पर ही विनय घर आया था। विनय की पत्नी माधुरी बार-बार यही कह रही थी कि बरात के लिए घर न आए होते तो यह दिन नहीं देखना पड़ता।

दूल्हे के मामा ने भी गंवाई जान
शादी होने के बाद भी धीरज के घर पर मातम का माहौल है। सब गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले मेहंदीगंज निवासी शशि शर्मा रिश्ते में धीरज के मामा थे। सभी रिश्तेदार अपने घर चले गए हैं। दुल्हन आने के बाद किसी तरह की कोई रस्म नहीं हुई।

आकाश बोला- तीन बार पलटी थी पिकअप

हादसे की आंखों देखी 19 वर्षीय आकाश राजभर ने सुनाई। आकाश ने बताया कि वह भी पिकअप में सवार था। जनवासे से कुछ दूर पहले ही पिकअप से एक बाइक में साइड से टक्कर लग गई थी। इसके बाद चालक अजय राजभर ने पिकअप की रफ्तार बढ़ा दी। वह एक ट्रैक्टर और बाइक के बीच से पास लेना चाह रहा था। उसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी खाई। जब तक हम लोग कुछ सोच-समझ पाते, तब तक हमारे सामने ही शशि और विनय की मौत हो चुकी थी। पिकअप सवार सभी लोग मदद की गुहार लगा रहे थे।

आकाश ने बताया कि उसे पैर और पीठ में चोट लगी है। पिकअप चालक अजय वाराणसी में अस्पताल में भर्ती है। वहीं, हादसे के दौरान सात वर्षीय अंकित अपने पिता प्रदीप राजभर के साथ बैठा था। पिकअप पलटी तो अंकित उससे छिटक कर बेर के पेड़ पर जा अटका और उसे मामूली चोट लगी। हादसे में गंभीर रूप से घायल उसके पिता प्रदीप की उपचार के दौरान मौत हो गई।

एक साल में बहन और दो भाइयों की मौत हुई
हादसे में जान गंवाने वाले अरुण और आर्यन सगे भाई थे। उनकी दो बहनें भी थीं। उनकी एक बहन की मौत बीते साल पांच फरवरी को हुई थी। अब सिर्फ एक बहन ही बची है। अरुण और आर्यन के पिता मुंबई में काम करते हैं। दोनों बेटों की मौत की सूचना पाकर वह मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए हैं। आर्यन और अरुण के साथ ही उनके चाचा विनय को मुखाग्नि दादा राजबली राजभर ने दी।

सरकारी मदद न मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए 24 घंटे बाद भी सरकारी स्तर से किसी प्रकार की आर्थिक मदद की घोषणा नहीं की गई। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। सभी का कहना था कि अब तक सरकारी स्तर पर पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद की घोषणा हो जानी चाहिए थी।

वहीं, शनिवार की दोपहर बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह मुन्ना पूरेनंदा (बेलवां) गांव पहुंचे। पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मंत्री अनिल राजभर ने एसडीएम राजातालाब को हल्का लेखपाल से लिखा-पढ़ी की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा। ताकि, पीड़ित परिजनों को अर्थिक मदद दिलाई जा सके।
विज्ञापन

बूढ़े पिता ने दी मुखाग्नि तो डबडबाई सबकी आंखें

सोनभद्र जिले में सड़क हादसे में मेहदीगंज गांव निवासी शशि शर्मा (26) की मौत के बाद उसका शव घर पहुंचा तो सब रोने लगे। चार भाई और छह बहनों में सबसे छोटा शशि अविवाहित था। वह घर पर ही रह कर खेती के अलावा मजदूरी करता था। शनिवार को अदलपुरा स्थित गंगा घाट पर शशि के शव को बुजुर्ग पिता ने मुखाग्नि दी तो मौजूद ग्रामीणों की भी आंखें डबडबा उठीं। परिजनों ने बताया कि शशि की सिखड़ी नंदापुर गांव निवासी दूल्हे के यहां रिश्तेदारी है। इसी वजह से वह बरात में गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें