रोहनिया। मिसिरपुर गांव में जर्जर मकान गिरने से फेरी-पटरी व्यापारी की मौत हो गई। हादसे में व्यापारी की पत्नी और पड़ोसी घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रोहनिया थाना अंतर्गत मिसिरपुर गांव निवासी मुन्नालाल गुप्ता (45) फेरी लगाकर लाई-पट्टी बेचते थे। मुन्नालाल का दो कमरे का पक्का मकान है, जो जर्जर है। शुक्रवार की रात को मुन्नालाल अपनी गाय का दूध गांव के ही असाढू यादव से गाय का दूध दुहवा रहे थे। मुन्नालाल की पत्नी राजकुमारी दोनों लोगों के लिए चाय बना रही थी। इसी बीच अचानक एक कमरा भहरा कर गिर गया, उसकी चपेट में आने से मुन्ना लाल गुप्ता, राजकुमारी और असाढू यादव घायल हो गए। परिजन तीनों लोगों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मुन्ना लाल को मृत घोषित कर दिया। परिजनों जे बताया कि मुन्नालाल दो बेटों और एक बेटी के पिता थे। घटना से मुन्नालाल के परिजनों में कोहराम मचा हुआ था।