स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित पक्का पुल से मंगलवार दोपहर जान देने की नीयत से युवती गंगा में कूद गई लेकिन मछुआरों ने उसे बचा लिया। युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। क्षेत्र के एक गांव निवासी 23 वर्षीय युवती साइकिल से गंगा पुल पर पहुंची। साइकिल खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी। पुल पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। उसी समय नीचे नाव पर मौजूद धर्मेंद्र साहनी और उनके साथियों ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार किया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के अनुसार युवती किसी बात से नाराज थी। थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि पुल से कूदने वाली युवती को बचाया गया।