अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास की प्रसिद्ध भरत मिलाप की लीला तुलसी घाट पर शनिवार को हुई। चारों भाइयों का मिलन देख हर किस किसी की आंखें नम हो गईं। शुक्रवार की देर रात भरत मिलाप की लीला देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भाइयों के इस मिलन की नयनाभिराम झांकी के दर्शन किए। भदैनी में बने विशाल मंच पर चारों भाइयों ने श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। इससे पूर्व लीला कमेटी से जुड़े और भदैनी के प्रतिष्ठित नागरिक विजय बहादुर सिंह के आवास पर राम दरबार सजा। प्रभु श्रीराम वानर सेना सहित विराजे। श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन कर आरती उतारी। भजन-कीर्तन से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। लीला देखने संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र, पं. श्रीधर पांडेय, विजय बहादुर सिंह, विश्वनाथ यादव, श्याम बिहारी पांडेय, गोपेश चंद्र राय, प्रताप बहादुर सिंह, राजेश दीक्षित, अमृत प्रभात आदि पहुंचे थे।