पिंडरा।
फूलपुर क्षेत्र के मथुरीपुर जगदीशपुर गांव में शुक्रवार शाम घर में पूजा के दौरान जलाए गए दीये से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर डेढ़ लाख रुपये और सात लाख का सामान जलकर राख हो गया। गांव निवासी दिनेश कुमार पटेल वेल्डिंग का काम करते हैं। शुक्रवार शाम 7 बजे अपने घर के पूजा स्थल पर दीया और अगरबत्ती जलाया था। अचानक आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ आग बुझाने में जुट गए। थोड़ी देर बाद आग पर काबू पा लिया गया। भुक्तभोगी ने बताया कि कूलर, पंखा, इन्वर्टर, बैटरी, मोटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बक्सों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और डेढ़ लाख रुपये जो शादी के लिए रखे गए थे पूरी तरह जल गए। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद