मौला अली की यौमे शहादत पर निकला ताबूत व अलम का जुलूस। स्रोत- सोशल मीडिया
- फोटो : 1
मिर्जापुर। 21वें रमजान पर बुधवार की देर रात वासलीगंज स्थित मरहूम एस तनवीर रजा के अजाखाने से मौला अली अलैहिस्सलाम की यौमे शहादत के मौके पर ताबूत व अलम का जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अजादारों की भीड़ उमड़ पड़ी। जुलूस से पहले नफीसुल रिज़वी ने मौला अली अलैहिस्सलाम की शान में मजलिस पढ़ी। उन्होंने कहा कि अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली इस्लाम के पहले इमाम और पैगंबर हज़रत मोहम्मद मुस्तफा के दामाद थे। अमीरुल मोमनीन हजरत मौला अली ने इस्लाम की हिफाजत और सरबुलंदी के लिए पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद के साथ लगभग हर बड़ी जंग में हिस्सा लिया। जुलूस फतेह खां का बाड़ा स्थित बड़ी ताजिया के पास लगभग 20 मिनट तक रुका रहा। जहां महिलाओं सहित लोगों ने मन्नतें मांगीं। इस दौरान जंजीर का मातम भी किया गया। जुलूस अपने पुराने रास्तों से होते हुए बाटा चौराहा, घंटाघर, बसनही बाजार, त्रिमुहानी, टेढ़ी नीम और बल्ली का अड्डा होते हुए इमामबाड़ा स्थित कर्बला पहुंचकर समाप्त हुआ। कर्बला पहुंचने पर अंजुमन अंसार-ए-हुसैन के सदस्यों ने नौहा पढ़ा। इस अवसर पर रोहन रजा, फरहान रजा, अरमान अली, दानिश रिजवी, मौलाना अबरार हुसैन वारसी, इरशाद अंसारी, रिजवान अंसारी और नफ़ीसुल रिज़वी,मुज्तबा हुसैन रिजवी समेत बड़ी संख्या में अज़ादार मौजूद रहे।