वाराणसी। पांडेयपुर के मानसिक चिकित्सालय के फैमिली वार्ड से शुक्रवार-शनिवार देर रात एक मरीज भाग गया। मरीज की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जानकारी के अनुसार, लोहर चौहान (21) निवासी मऊ को 15 जून को फैमिली वार्ड में भर्ती कराया गया था। वह अपने पिता बलिराम चौहान की निगरानी में था। रात में मरीजों की गिनती के बाद वार्ड को बंद कर दिया गया था। आशंका है कि लोहर चौहान किसी अन्य मरीज की मदद से अस्पताल की 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग गया। सुबह जब उसके पिता वार्ड पहुंचे तो पुत्र वहां नहीं मिला। सुराग न मिलने पर अस्पताल प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की गई। मरीज की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। परिजनों के अनुसार, सुबह तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर वे दवा लेकर घर लौट गए। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की तलाश जारी है। अस्पताल के निदेशक डॉ. चंद्रप्रकाश मल्ल ने बताया कि मरीज की तलाश की जा रही है। मरीज का इलाज परिजनों की निगरानी में चल रहा था। ब्यूरो