पूर्वोत्तर रेलवे के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर एनई रेलवे मेंस कांग्रेस (एनईआरएमसी) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (मानव संसाधन) से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी हित में 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें जिले में केंद्रीय विद्यालय खोलने, कर्मचारियों के माता-पिता को सुविधाएं उपलब्ध कराने समेत करीब 14 हजार रिक्त पदों पर नियमित भर्ती की मांग उठाई गई। एनईआरएमसी के महामंत्री अखिलेश पांडेय और केंद्रीय अध्यक्ष सुभाष दुबे ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। मांग पत्र में स्वीकृत पदों के पुनरीक्षण और जरूरत के अनुसार नए पद सृजित करने की भी मांग की गई। एनई रेलवे मेंस कांग्रेस ने रेलवे में निजीकरण, पीपीपी और ठेकेदारी पर रोक लगाने की मांग की। संगठन ने सभी 21 मांगों पर रेलवे बोर्ड से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।