महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की गई। इस दौरान एसआईआर कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले सदस्यों की सहूलियत के लिए परिसर में कंप्यूटर सेंटर बनवाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस सेंटर की मदद से विश्वविद्यालय परिवार से जुड़े लोग एसआईआर फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगे। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर के सभी सदस्यों को समय से एसआईआर फॉर्म भरने एवं अन्य लोगों का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संबद्ध महाविद्यालयों में भी एसआईआर फॉर्म भरने के लिए कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए।