वाराणसी। धनतेरस के दिन इलेक्ट्रानिक्स सामानों की जमकर खरीदारी हुई। सभी कंपनियों के इलेक्ट्रानिक्स उत्पाद मिला दिए जाएं तो लगभग 80 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। अगर एलजी की बात करें तो केवल इस कंपनी ने नवंबर माह में 30 करोड़ का कारोबार किया। कंपनी के वाराणसी शाखा के प्रबंधक के अनुसार सितंबर से 11 नवंबर तक कंपनी ने 70 करोड़ रुपये की एलसीडी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन बेची। पिछले साल कंपनी की वाराणसी शाखा ने इस पर्व पर 54 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। ओनिडा, सैमसंग, हायर, आस्कर, वीडियोकान आदि कंपनियों के शोरूम भी ग्राहकों से पटे रहे। ग्राहकों का जोर दैनिक सामानों की खरीदारी पर ज्यादा रहा। टाप इन टाउन, काशिका आदि शोरूम में तो तिल रखने की जगह नहीं थी। ग्राहकों की सुविधा के लिए शोरूम वालों ने माल की डिलेवरी घर तक कराई। टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन आदि खरीदने वालों के पते पर दुकानदार सामान पहुंचवाते रहे।