चौबेपुर/चिरईगांव (सं.)। कमौली गांव स्थित एक बगीचे में मंगलवार सुबह आठ फुट लंबा अजगर मरा पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पाकर मौके पर वन क्षेत्राधिकारी एके श्रीवास्तव और उप वन रेंजर एनपी सिंह टीम के साथ पहुंचे। अजगर को लेकर उसका पोस्टमार्टम कराने वह पहले चिरईगांव पशु चिकित्सालय पहुंचे। यहां डाक्टर के न मिलने पर टीम ने चौबेपुर पशु चिकित्सालय पर अजगर का पोस्टमार्टम कराया। पशु चिकित्सक डा. वीके सिंह और वन क्षेत्राधिकारी एके श्रीवास्तव का कहना है कि संभवत: सड़क पार करते समय किसी बड़े वाहन के चपेट में आने से अजगर के सिर में गंभीर चोट लगी और उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद अजगर को चौबेपुर अस्पताल परिसर में ही दफना दिया गया।