वाराणसी। छपरा से सूरत जाने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में यात्रियों ने पैंट्रीकार मैनेजर पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए आईआरसीटीसी से आनलाइन शिकायत की है। थर्ड एसी कोच बी थ्री के यात्रियों ने कंपलेंट बुक में भी शिकायत दर्ज की है। यात्रियों का आरोप है कि वेंडर द्वारा अधिक दर पानी बेचे जाने की शिकायत के बाद भी पैंट्रीकार मैनेजर ने यात्रियों से ही नोकझोंक की। रविवार शाम पौने छह बजे वाराणसी कैंट स्टेशन से सूरत के लिए रवाना हुई ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में वेंडर अधिक कीमत पर पानी की बोतल बेच रहा था। बोतल पर उत्पादन तिथि भी अंकित नहीं थी। कोच के सीट नंबर 36 पर यात्रा कर रहे रोहनिया के कपड़ा व्यवसायी अरविंद सिंह ने इसकी शिकायत मैनेजर से की तो वह मानने के लिए तैयार नहीं थे। मैनेजर के रवैये को देखकर यात्रियों ने आईआरसीटीसी से आनलाइन शिकायत की। वहीं रेलवे के कंपलेन बुक में भी शिकायत दर्ज कराई। मामले में आईआरसीटीसी के स्टेशन अधिकारी बीएल लिंडा का कहना है कि पैंट्रीकार रेलवे का है। खान-पान निरीक्षक को खाद्य सामग्रियों की चेकिंग करनी चाहिए। यात्रियों द्वारा की गई शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं खानपान निरीक्षक एसके पांडेय ने कहा कि हर स्टेशन पर चेकिंग होती है। हालांकि कैंट स्टेशन पर चेकिंग हुई या नहीं, वह यह नहीं बता सके।