वाराणसी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में 30 और 31 जनवरी को मतदान कराया जाएगा। दीवानी न्यायालय परिसर में बहुमंजिली इमारत के भूतल पर मतदान केंद्र बनाया गया है। चुनाव अधिकारी और अपर जिला जज यजुर्वेद विक्रम सिंह ने बताया कि अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रख भूतल पर विशेष व्यवस्था की गई है। मतदाता उत्तरी द्वार से प्रवेश कर क्रमांक के अनुसार लगी नौ टेबलों से बैलेट पेपर लेंगे। मतदान के बाद वे आगे के द्वार से निकलेंगे। मतदान सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा। जिले में कुल 9,845 अधिवक्ता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के प्रचार पर पूरी तरह रोक रहेगी। सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यम सिंघल और अपर जिला जज आलोक कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव की कवरेज के लिए केवल विधिक पत्रकारों को ही अनुमति दी जाएगी, अन्य किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। संवाद