भदोही। वाराणसी-भदोही रेल रूट के कपसेठी-परसीपुर स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे फाटक का गेट रविवार की रात अज्ञात पिकअप के धक्के से टूट गया। फाटक बंद नहीं हो पाने के चलते ट्रेनों को कॉशन के सहारे चलाया गया। कसपेठी स्टेशन मास्टर की सूचना पर भदोही आरपीएफ ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। भदोही स्टेशन स्थित आरपीएफ पुलिस चौकी प्रभारी एके सिंह ने बताया कि घटना रविवार की रात लगभग लगभग 11 बजे की है। उस समय मालगाड़ी आ रही थी और गेट को बंद किया गया था। मालगाड़ी पास नहीं हुई थी तभी पिकअप वाहन ने गेट में जोरदार धक्का मार दिया जिससे गेट का बूम टूट गया। गेटमैन ने पहले स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम के माध्यम से आरपीएफ को अवगत कराया। इस बीच फाटक बंद न हो पाने से रात में ट्रेनों को काशन के सहारे चलाया गया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि रात में ही मौका मुआयना कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि फाटक को ठीक कर ट्रेनों का आवागमन सुचारु कर दिया गया है।