वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शनिवार की रात दरभंगा से लोकमान्य तिलक जा रही पवन एक्सप्रेस ट्रेन को रोककर यात्रियों ने जबरदस्त हंगामा किया। यात्रियों का आरोप था कि ट्रेन की स्लीपर श्रेणी के पांच, छह और सात नंबर बोगी की बिजली दरभंगा से ही गुल है। बार-बार की शिकायत के बावजूद कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। हंगामा बढ़ता देख जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को समझाना शुरू किया तो लगभग आधा घंटे बाद जाकर मामला सामान्य हुआ। रेल अधिकारियों की ओर से आश्वस्त किया गया कि मंडुवाडीह स्टेशन पर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। एस - 7 बोगी में सवार दरभंगा के चंदन कुमार सिंह ने बताया कि बिजली न होने के कारण उनका सामान चोरी हो गया। इसी बोगी में सवार एक बच्चे की गर्मी के कारण तबीयत खराब हो गई।