वाराणसी। डंपर दुर्घटना में हुई अमित गुप्ता की मौत के बाद मुआवजा नहीं दिलाने से क्षुब्ध परिवार वालों ने क्षेत्रीय जनता के साथ कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के शिवाजी नगर आवास के बाहर प्रदर्शन किया। मृतक के भाई अभिषेक गुप्ता ने कहा कि बीते 14 जनवरी को एक हास्पिटल के सामने डंपर से मौत हो गई थी। इसके बाद जनता ने चक्काजाम किया था। इस दौरान कैंट विधायक पहुंचे और आश्वासन दिया कि गाड़ी मालिक से बातचीत करेंगे और मुआवजा दिलाएंगे। भाई की पत्नी को नौकरी दिलाएंगे। अब तक उन्होंने न तो मुआवजा दिलाया और न ही नौकरी दिलाई। इससे क्षुब्ध होकर परिवार लोगों ने विधायक के आवास मोमबत्तियां जलाकर प्रदर्शन किया। उधर, इस बारे में विधायक ने कहा कि वे लोग मेरे घर आए थे। मैं प्रवासी भारतीय सम्मेलन में था। मेरी माता पूर्व विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव ने परिवार वालों से बातचीत की। अपना मांग पत्र देकर चले गए। उनकी मांगों को प्रवासी भारतीय सम्मेलन के बाद पूरा कराएंगे। घटना के बाद ट्रक मालिक से बातचीत की गई थी। उसने आश्वासन दिया कि बनारस आकर इस मसले पर बातचीत करेंगे। अब ट्रक मालिक मुआवजे देने के मामले में आनाकानी कर रहा है। मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाएंगे। इसके अलावा उसकी पत्नी को भी नौकरी दिलाएंगे।