ज्ञानपुर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश 24 अगस्त की शाम जिले में आएगा। 25 को सुबह कलश यात्रा निकालकर मिर्जापुर के सीमावर्ती घाट पर गंगा में अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा। भदोही से मिर्जापुर सीमा तक अंतिम दर्शन के लिए चिह्नित स्थलों पर विधायक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। अस्थि कलश 21 अगस्त को आना था लेकिन किन्हीं कारणों से तिथि में परिवर्तन कर दिया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के बाद उनकी अस्थियां सभी जिलों की नदियों में विसर्जित की जा रही हैं। भाजपा नेतृत्व की ओर से तय की गई गाइड लाइन के अनुसार भदोही जिले में भी विधि विधान से अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने बताया कि 21 अगस्त को अस्थि कलश आना था, लेकिन वह कार्यक्रम स्थगित हो गया है। अब जौनपुर के रास्ते 24 अगस्त शाम को अस्थि कलश जिले में पहुंचेगा। रात में अस्थि कलश सांसद निवास स्वदेशी आश्रम में रखा जाएगा। 25 अगस्त को भदोही के धौरहरा से मिर्जापुर सीमा तक कार्यकर्ता अस्थि कलश का दर्शन करेंगे और यात्रा में शामिल होंगे। इसके लिए जिम्मेदारी तय कर दी गई है। धौरहरा में विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, चेयरमैन अशोक जायसवाल, इंदिरा मिल चौराहे पर सांसद प्रतिनिधि शैलेंद्र दूबे, ब्लॉक प्रमुख प्रशांत सिंह, रजपुरा चौराहे पर ओमप्रकाश पांडेय, शिवशंकर यादव, सर्रोई में अशोक पाठक, दिलीप यादव, बभनौटी में वागीश दूबे, दीपक तिवारी, उगापुर में राम सजीवन गुप्ता, नीरज सिंह, औराई चौराहे पर विधायक दीनानाथ भाष्कर, राजेश सरोज और प्रमोद पाठक, टेढ़वा में विपुल दूबे और विजय शंकर दूबे कार्यकर्ताओं की अगुवाई करेंगे।