भदोही। मानसून की दस्तक के बाद भी बारिश न होने से आम जनजीवन की बेचैनी बढ़ गई है। आसमान से बादलों के गायब हो जाने और तेज धूप निकलने से गर्मी से राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोग हतास हो रहे हैं। किसान धान की रोपाई के लिए आसमान ताक रहे हैं। बारिश के बिना धान की रोपाई बाधित हो रही है। रयां के किसान भगवान सिंह ने कहा कि मौसम विभाग ने अच्छी बारिश का अनुमान लगाया था जो अब तक देखने को नहीं मिली है। 29 जून से मौसम में बदलाव तो दिखा लेकिन बारिश के नाम पर केवल दो दिन कुछ बारिश हुई। इसके बाद से आसमान साफ है और बारिश की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि यदि अभी बारिश नहीं हुई तो किसानों का भारी नुकसान होगा। किसान एक ओर जहां मक्का और बाजरा की खेती के लिए तो दूसरी ओर धान की रोपाई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इतना ही नहीं चरी में सूखा रोग पकड़ रहा है। सूखे से उसमे कीड़े पड़ रहे हैं। जानवर बीमार पड़ रहे हैं। उधर शनिवार को कड़ी धूप ने लोगों को खूब सताया। लोग गर्मी और उमस से बेहाल रहे। घर के अंदर या बाहर कहीं भी आराम नहीं मिल पा रहा है। भयंकर गर्मी से लोग बीमार पड़ रहे हैं। निजी चिकित्सकों के यहां ओपीडी में भारी भीड़ लग रही है। हर तरफ बस बारिश न होने की चर्चा हो रही है।