वाराणसी। मच्छोदरी स्थित राजा बलदेव दास बिड़ला अस्पताल में बुधवार की शाम नारायणी प्रोडक्शन एवं बाबी मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के बैनर की बंगाली फिल्म ‘अपना नंबर कब लगेगा’ की शूटिंग की गई। इस दौरान अस्पताल के आसपास लोगों की भीड़ शूटिंग देखने के लिए जुड़ गई। फिल्म के प्रोड्यूसर राजेश मिश्रा ने बताया कि अपना नंबर कब लगेगा फिल्म मुख्यत: कॉमेडी पर आधारित है। जिसमें हीरोइन की भूमिका में मिस बंगाल सिवांकिता दीक्षित, हीरो रमनिक मान और संजीव दास मुख्य रूप से नजर आयेंगे। फिल्म में बनारस के संगीत घरानों की झलक भी दिखाई देगी। बिड़ला अस्पताल में हीरोइन के पिता की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में उपचार कराने के दृश्य कैमरे में कैद किया गया। फिल्म की शूटिंग बनारस के गंगा घाट, रामनगर किला समेत अन्य स्थानों पर फिल्माई जा रही है। डायरेक्टर बॉबी घोष ने बताया कि फिल्म के कुछ दृश्य मुम्बई में भी फिल्माये जाएंगे।