वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में विभिन्न विभागों में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को तीन महीने से मानदेय नहीं मिल पा रहा है। अब तक कई बार भागदौड़ के बाद जब मानदेय नहीं मिल पाया तो बुधवार को कर्मचारियों ने केंद्रीय कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कर्मचारियों ने बताया कि नियम के तहत काम तो नियमित कर रहे हैं लेकिन मानदेय समय से नहीं मिल पा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन से कहने के बाद भी कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिल सका। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कुलपति प्रो. यदुनाथ प्रसाद दूबे ने बातचीत की तो पता चला कि ठेकेदार की ओर से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। कुलपति ने बताया कि इस बारे में गुरुवार को ठेकेदार को बुलाया गया है, जल्द ही कर्मचारियों को मानदेय दिलाया जाएगा।