सकलडीहा(ब्यूरो)। तहसील के विसुंधरी और मधुबन गांव में डायरिया के प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत है। एक बार फिर मधुबन में लोगों के डायरिया की चपेट में आने से गांव में हड़कम्प मच गया। चौबीस घंटे के भीतर लगभग छह लोग इससे पीड़ित हो गये है। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी को सीएचसी लाया गया। जिसमें तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया।विकास खंड के विसुंधरी और मधुबन गांव में 20 दिनों के अंदर 6 लोगों की मौत हो गयी थी। चार दर्जन से अधिक डायरिया की चपेट में आ गये थे। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने शिविर लगाकर दवा आदि वितरण किया। पिछले चार दिनों से दोनों गांव में डायरिया का प्रभाव थमा था। शनिवार की देर रात भिक्खी (45), मंगरू (55), सुनिता (28) की हालत गंभीर होने खलबली मच गयी। सीएचसी के डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया । वहीं रविवार को सुबह शांती देवी (28), चंदा (30), प्रियंका (8) को ईलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। ग्राम प्रधान के प्रयास से सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डा आरबी शरण ने बताया कि तीन मरीज पहुंचे थे। जिनकी हालत ठीक है।