वाराणसी। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव के दूसरे दिन 3717 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि पहले दिन 30 जनवरी को 3804 मत पड़े थे। दो दिन में 7521 मत डाले गए। कचहरी में कुल मतदाताओं की संख्या 9892 है। वोटिंग 75 प्रतिशत रही। कचहरी परिसर के चारों ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सभी प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग की गई। किसी भी अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में सदस्य पद के लिए अकेले बनारस से 13 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। श्रीनाथ त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, विनोद पाण्डेय, अरुण त्रिपाठी, राजेश मिश्रा, सुनील कुमार सिंह, जैकी शुक्ला, देवेंद्र परमार समेत अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ब्यूरो