वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए काशी आ रहे अतिथि गंगा आरती भी देखेंगे, लेकिन दशाश्वमेध घाट पर व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। न तो टूटी सीढ़ियों की मरम्मत कराई जा रही है और न ही वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। पेयजल की भी व्यवस्था भी ठीक नहीं है। यही नहीं शौचालय भी क्षतिग्रस्त हैं। ऐसे में यहां प्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि अतिथियों के आगमन को देखते हुए पुलिस बूथ की मरम्मत कराई जा रही है, लेकिन टूटी सीढ़ियों की मरम्मत नहीं होने पर अतिथि गिरकर चोटिल भी हो सकते हैं। नाविक अजीत ने बताया कि हम लोगों ने कई बार इसकी जानकारी दी है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी सही नहीं है, ऐसे में महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, पप्पू मांझी ने भी घाटों पर दुर्व्यवस्था की बात कही।