ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में सोमवार को भी अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। अलग-अलग वर्ग के 129 छात्र-छात्राओं ने एडमिशन कराया। सीट न भरने पर महाविद्यालय की ओर से प्रतीक्षा सूची एवं कट आफ जारी किया गया। सोमवार को सुबह 10 बजे से ही महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रवेश के लिए पहुंचे। काउंटरों पर बारी-बारी से प्रवेश लिया गया। एमए में 70, एमकाम में 18 और एमएससी में 41 समेत 129 छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिला। सभी सीटें न भरने पर महाविद्यालय ने एडमिशन के लिए प्रतीक्षा सूची और तीसरी कट आफ जारी की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप नारायण डोंगरे ने कहा कि मेरिट में आने वाले अभ्यर्थी सात अगस्त सुबह 11 बजे से दोपहर दो जबकि आठ अगस्त को दोपहर 12 बजे तक प्रवेश करा लें।