गोपीगंज। कांवरियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोमवार को थाना परिसर में एएसपी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों के साथ वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों और अधिकारियों संग कांवरियों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। इस दौरान जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ठेला वालों की दुकान को कांवरिया लेन से हटाकर सर्विस लेन लगवाने को कहा। वहीं दक्षिणी लेन पर किसी भी वाहन की पार्किग करने पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए डीजे पर लगे प्रतिबंध का पालन करने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। एनएचएआई को सड़क के सभी गड्ढे को समतल करने का निर्देश दिया। सिक्स लेन सड़क पर एक ही लेन पर वाहनो के आवागमन पर जाम की संभावना को देखते हुए गोपीगंज और औराई में कंट्रोल रुम स्थापित किया जाएगा। वहीं ओवर ब्रिज निर्माण स्थल पर टीन शेड लगाकर पुलिस को मुस्तैद किया जाएगा। नागरिकों के सहयोग से राजमार्ग की निगरानी ड्रोन कैमरे से करने की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष प्रह्लादास गुप्ता, ज्ञानेश्वर अग्रवाल, माबूद खान, थानाध्यक्ष शेषधर पांडेय, चौकी इंचार्ज सुशील पांडेय, विद्युत विभाग के जेई मनोज कुमार, धर्मेंद्र द्विवेदी, जितेंद्र गुप्ता, मोहित कुमार उमर वैश्य, शिवशंकर गुप्ता, गुड्डू चौधरी, सुशील बिंद, बिहारी लाल केसरवानी आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ औराई कोतवाली में कांवर यात्रा को लेकर पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें कांवरियों की सेवा के लिए लगने वाले शिविरों, रास्ते में पड़ने वाले हैंडपंप बिजली आपूर्ति और खराब सड़कों की मरम्मत कराने पर चर्चा हुई। एसडीएम अभय कुमार पांडेय ने कांवर यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियों को पूरा करने का भरोसा दिया है। इस मौके पर के सीओ और कोतवाल के साथ-साथ स्थानीय वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।