मधुबन। लेखपाल दिनेश शाह को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को अधिवक्ता संघ ने तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन कर विरोध किया। वकीलों ने लेखपाल के तबादला या उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक न्यायालयों के बहिष्कार का निर्णय लिया। अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिला लेकिन नतीजा नहीं निकल सका। वरिष्ठ अधिवक्ता कलेक्ट्रेट बार के पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहरलाल पांडेय की मानें तो अधिवक्ताओं ने एसडीएम के सामने लेखपाल को तहसील से हटाने की मांग की, लेकिन एसडीएम ने उसे अपने अधिकार के बाहर बताते हुए जिलाधिकारी को पत्र लिखने का आश्वासन दिया।इसके बाद अधिवक्ताओं ने एक सप्ताह का समय दिया और इस बीच बहिष्कार जारी रखने का फैसला किया। गत दिनों अधिवक्ता भूपेंद्र पांडेय और लेखपाल दिनेश शाह के बीच किसी कागज पर दस्तखत कराने को लेकर विवाद हो गया था। लेखपाल का तबादला आर के दफ्तर में कर दिया गया है। फिर भी विवाद अभी थमता नजर नही आ रहा है।