वाराणसी। अपना दल के कार्यकर्तायों ने शनिवार को अर्दली बाजार स्थित एक वाटिका में स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर यह तय किया गया कि आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी अपने प्रभाव वाले लगभग 30 वार्डों में चुनाव मजबूती से लड़ेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक की संगठन की समीक्षा की गई। कार्यकर्तायों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश पटेल ने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों एवं जनविरोधी कार्यप्रणाली से आक्रोशित काशी की जनता सकारात्मक बदलाव करेंगी। उन्होंने कहा कि मेयर पद के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा। अपना दल के अधिकृत प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई जिसमें वार्ड छह से सरसौली से घरभरन सोनकर, वार्ड 10 तरना से दिनेश पटेल, वार्ड 15 सिकरौल शम्भू सोनकर, वार्ड 29 सुंदरपुर से राजेश सिंह पटेल और वार्ड 35 रमरेपुर राहुल सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया। शेष प्रत्याशियों की सूची रविवार को जारी की जाएगी। बैठक में प्रदेश महासचिव राधेश्याम पटेल, राजनाथ, अनिल पटेल, गगन प्रकाश यादव, महेंद्र प्रताप मौर्य, सुभाष सोनकर मौजूद रहे।