तीन सितंबर 2021 को केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता की ओर से आरटीआई में आईएमएस बीएचयू के निदेशक आवास के मरम्मत में कायाकल्प मद से 43 लाख खर्च का जिक्र था। अब 15 नवंबर को केंद्रीय लोक निर्माण विभाग बीएचयू परियोजना के कार्यपालक अभियंता ने आरटीआई में बेहद चौंकाने वाली जानकारी दी है। उन्होंने निदेशक आवास पर विद्युत कार्य के लिए 7 लाख 56 हजार 622 रुपये खर्च होने की बात लिखी है। पहले सिविल कार्यों पर 43 लाख और अब बिजली संबंधी कार्यों पर साढ़े सात लाख खर्च होने को लेकर चर्चाएं होने लगी है। 22 अगस्त को एक आरटीआई के माध्यम से रजवारी निवासी संजय सिंह ने कायाकल्प के तहत मिलने वाली धनराशि, अलग-अलग मदों में खर्च होने के साथ ही निदेशक आवास के मरम्मत पर होने वाले विभिन्न मदों के खर्चों की जानकारी भी मांगी थी। आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी सुविधाएं मिल सके, इसके लिए अलग-अलग किस्तों में धनराशि भी मिलनी है। पहली किस्त के रूप में 200 करोड़ से अधिक की स्वीकृति भी हो चुकी है। विश्वविद्यालय परिसर में नरिया गेट के सामने न्यू मेडिकल एंकलेव में ही निदेशक का आवास है। वर्तमान निदेशक के पहले भी एक अधिकारी यहां रहते थे। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को कायाकल्प योजना के तहत 24 करोड़ 44 लाख 26 हजार 428 मिला है। 15 नवंबर को आरटीआई के जवाब में कार्यपालक अभियंता ने बताया है कि इसमें से अब तक 2 करोड़ 42 लाख 31 हजार 170 रुपये का भुगतान हो चुका है।