आरटीई : शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए 636 स्कूलों ने नहीं दिए मांगपत्र
विज्ञापन
शिक्षा विभाग ने दिया 10 अप्रैल तक का समय, जिले में 1206 स्कूल हैं पंजीकृत संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। शिक्षा का अधिकार के तहत शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए निजी विद्यालय मांग पत्र जमा करने से कतरा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों को कई बार पत्र भेजा है। बावजूद 636 विद्यालयों ने मांग पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा नहीं कराया है। अब इन स्कूलों को 10 अप्रैल तक का मौका दिया गया है। आरटीई के तहत निजी स्कूलों में 30 हजार बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूलों को बच्चों का ब्योरा व मांग पत्र बेसिक शिक्षा कार्यालय में जमा करना होता है। विभाग बच्चों का सत्यापन करता है। रिपोर्ट के आधार पर स्कूलों को शुल्क प्रतिपूर्ति दी जाती है। आरटीई के तहत जिले में 1206 स्कूल पंजीकृत हैं। दो चरणों में 465 व 105 विद्यालयों ने मांग पत्र जमा कर दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि आरटीई के तहत विद्यालयों को मांग पत्र जमा करने के बाद शुल्क प्रतिपूर्ति दी जाएगी। मांग पत्र जमा नहीं करने वाले स्कूलों को 10 अप्रैल तक मौका दिया गया है।