वाराणसी। आजमगढ़ में निरहुआ के प्रचार से लौटने के बाद वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुंबई भाजपा के प्रदेश महामंत्री, महाराष्ट्र सरकार में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त एवं फिल्म सिटी के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने मुलाकात की। उन्होंने कहा- लंबे अरसे से कांग्रेस के विचारों व उनकी नीतियों की पैरोकारी करने वाली राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी का कहना कि कांग्रेस में गुंडों को तरजीह दी जा रही है। यह स्पष्ट करता है कि जिस कांग्रेस में उनके अपने सदस्य सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे, उस कांग्रेस के हाथ में सत्ता देना सर्वथा असुरक्षा को निमंत्रण देना है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री मोदी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम शुरू की है तो दूसरी ओर कांग्रेस अपनी ही पार्टी में बहन बेटियों की रक्षा नहीं कर पा रही है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया था कि पार्टी के लिए मैने गलियां और पत्थर खाए हैं, लेकिन पार्टी के नेता ही मुझे धमका रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि यह भी शर्मनाक है कि ट्वीट के 2 दिन बाद भी कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने प्रियंका के दर्द का संज्ञान नहीं लिया।