भदोही। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन का जिला सम्मेलन रविवार को मोढ़ में चंद्रमा वनवासी की अध्यक्षता में हुआ। यूनियन के महामंत्री फूलचंद यादव ने कहा कि देश की आबादी के 40 प्रतिशत लोग मजदूर हैं। आजादी के बाद से अब तक किसी भी सरकार ने खेत मजदूरों के लिए कोई कानून नहीं बनाया, जिससे उन्हें रोटी, कपड़ा और मकान सुनिश्चित हो सके। सम्मेलन में जिला कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। बैठक में कहा गया कि कुछ कारपोरेट घराने सरकार के साथ मिल कर श्रम कानूनों को समाप्त करना चाहते हैं। ऐसे लोग देश में ठेकेदारी प्रथा को पुन: लाना चाहते हैं। मजदूरों, श्रमिकों को ऐसी सरकार और ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा। कोई भी दैवीय आपदा आती है तो सबसे अधिक खेत मजदूर प्रभावित होते हैं। लेकिन इस स्थिति में मजदूरों के पुन: खड़ा करने के लिए कोई मुआवजा नहीं दिया जाता। संगठन के जिला मंत्री, भुलाल पाल ने सांगठनिक कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में 19 सदस्यीय जिला कमेटी की घोषणा की गई। इसमें चंद्रमा वनवासी को अध्यक्ष, शोभनाथ अमरावती देवी को उपाध्यक्ष, भुलाल पाल को महामंत्री, दीनदयाल, सुशीला देवी को मंत्री, बंधन राम को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। सम्मेलन को जिला मंत्री सुशील कुमार श्रीवास्तव, पंधारी यादव, मिठाई गौतम, रामसजीवन, जग नारायण, उर्मिला देवी, सावित्री देवी, रामराज सोनकर, शीतला प्रसाद, पारसनाथ बिंद, भगेलू बिंद, आदि ने विचार व्यक्त किए।