ज्ञानपुर। सूबे के श्रमायुक्त एवं जिले के नोडल अधिकारी अनिल कुमार सोमवार को दोपहर तीन बजे के बाद चककलूटी गांव में जन चौपाल लगाकर आम जन की समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र योजनाओं से वंचित न हों, इसका ध्यान दिया जाए। प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित चौपाल में कहा कि सरकार की चलाई जा रही योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचे जो सरकार की मंशा है। प्राईमरी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में कक्षा पांच के छात्र सत्यम ने अंग्रेजी में अपना परिचय देकर वाहवाही लूटी। नोडल अधिकारी ने छात्र की पीठ थपथपाई। पिछले नामांकन से वर्तमान में काफी अधिक नामांकन कराने पर बीएसएस की सराहना की। ग्रामीणों से कहा कि वे गांव को स्वच्छ बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं, स्वच्छता कर्मी के भरोसे न छोड़े, यह भी कहा कि दक्षिण भारत के प्रदेशों में साफ-सफाई की संस्कृति आज भी विद्यमान है, चौपाल में बच्चों से क्रिकेटरों का नाम पूछा तो एक बालिका ने सचिन, विराट कोहली, यजुवेंद्र चहल को बताया तो खुश हुए। खराब हैंडपंपो को तत्काल सही कराने का निर्देश दिया। इसी तरह संपर्क मार्ग, खाद्यान वितरण, पशुओं का टीकाकरण, विधवा पेशन, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, विद्युत, स्वास्थ्य, महिला हेल्पलाइन, आंगनबाड़ी आदि का सत्यापन किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान इसरावती देवी, मेवालाल यादव समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।