वाराणसी। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त को विकास भवन में बीआरसी स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी पुरस्कृत किए जाएंगे। यही नहीं पिछले दिनों विद्यालयों में हुई पेंटिंग, निबंध, क्विज और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में विजेताओं को भी यहां पुरस्कृत किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी जय सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों और विकास क्षेत्र के टॉपर प्रतिभागी की सूची उपलब्ध कराने को कहा है। 13 अगस्त तक सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को ये सूची उपलब्ध करानी है। 14 अगस्त को दोपहर साढ़े बारह बजे से विकास भवन में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित है।