ज्ञानपुर। सुरियावां विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय छनौरा में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने चौपाल लगाई। इस दौरान जनसमस्याएं सुनी गईं। इसमें उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी के अनुपस्थित पर गहरी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी विशाख जी ने इनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि चौपाल का उद्देश्य है छोटे-मोटे मामले, राजस्व, सड़क, राशन, पेंशन आदि समस्याओं का मौके पर त्वरित गति से निस्तारण कराना है। जिलाधिकारी ने एसडीएम भदोही को निर्देश दिया कि गांव में जितने भी राशन कार्ड के पात्र लाभार्थी हैं, उनका चिंह्नीकरण कराकर राशन का आवंटन कराएं। अगले माह में वितरण भी कराएं। जिलाधिकारी ने पेंशन के प्रकरण और आवास के प्रकरण अधिक होने पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10 फरवरी को स्कूल पर कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों का चिह्नित कर उन्हें लाभान्वित कराएं। उन्होंने ग्राम प्रधान और सेक्रेट्री को निर्देश दिया कि 11वें और 14वें वित्त आयोग से स्कूल को मॉडल बनाएं। इसकी कार्य योजना बनाकर उपलब्ध कराएं। जिले में कुल 150 गांवों को निर्विवादित ग्राम पंचायत बनाने का का कार्य हो चुका है। इस अभियान में पांच राजस्व, पांच पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की टीम बनाकर गांव के छोटे-मोटे विवादों को दूर कर निर्विवादित गांव बनाया जा रहा है। मार्च में महा कैंप लगाकर इस गांव को भी निर्विवादित गांव बनाया जाएगा। कहा कि टीकाकरण का कार्य बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। सभी बच्चों का टीकाकरण कराएं। ग्रामीणों ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय अर्जुनपुर में विद्युत कनेक्शन नहीं होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि दो दिन में विद्युत कनेक्शन करा दें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हरिशंकर सिंह, एसडीएम भदोही सुनील कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जिलापूर्ति अधिकारी संजय पांडेय, स्टेनो राकेश कुमार सिंह, स्टेनो राजेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।