फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: 53 हजार ने पांच तो 30 हजार चालकों ने 10 से अधिक बार तोड़े नियम

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। इस साल 30 नवंबर तक अलग-अलग नियमों का उल्लंघन करने पर चार लाख 87 हजार वाहनों के चालान किए गए। इसमें 53 हजार वाहन चालक ऐसे चिह्नित हैं, जिनके चालान पांच बार से ज्यादा के हैं। इसमें भी 30 हजार वाहन चालक ऐसे हैं जिनके चालान 10 बार तक पहुंच गए हैं। दिलचस्प ये है कि इनमें ज्यादातर वाहन चालकों ने चालान भी जमा नहीं कराया है। इसमें सबसे ज्यादा बिना हेलमेट वाले वाहन चालक शामिल हैं। इन वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विज्ञापन

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद आदतन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ शुरू की जाएगी। दरअसल, सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद परिवहन विभाग ने इन वाहन चालकों की सूची तैयार करनी शुरू की है। इसी सप्ताह पांच बार से ज्यादा चालान वाले वाहन चालकों को नोटिस भेजा जाएगा।


हटाए जाएंगे कमर तोड़ने वाले 300 अवैध ब्रेकर
शहर की सड़कों पर 300 से ज्यादा अवैध ब्रेकर भी लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग ने चिह्नित किए हैं। इसमें 100 से ज्यादा अवैध ब्रेकर कमर तोड़ने वाले हैं। मगर, अवैध ब्रेकर को लेकर प्रशासनिक विभाग लारपवाह बने हैं। अब परिवहन विभाग चार दिसंबर को लोक निर्माण, नगर निगम, विकास प्राधिकरण सहित सड़क बनाने वाले विभागों को नोटिस जारी कर ब्रेकर हटाने के लिए नोटिस जारी करेगा। इसकी रिपोर्ट भी शासन को भेजी जाएगी।
विज्ञापन


80 हजार से ज्यादा पंजीकरण फेल वाहनों पर होगी कार्रवाई
वाराणसी में पंजीकृत 11 लाख से ज्यादा वाहनों में 80 हजार से ज्यादा वाहनों ने 15 साल की समयसीमा पूरी कर ली है। इसके बाद भी इन्होंने फिर से पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है। इसमें 80 हजार वाहनों के पंजीयन निरस्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। दिसंबर में नोटिस जारी हुए वाहनों के खिलाफ पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।


कैमरों से होता है चालान, मोबाइल पर जाता है मैसेज
वाराणसी में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की निगरानी सिगरा स्थित कमांड कंट्रोल सिस्टम से किया जाता है। ऑनलाइन चालान के बाद मोबाइल पर बकायदा मैसेज भी वाहन चालकों तक पहुंचता है। इसी आधार पर नोटिस के रुप में कमांड कंट्रोल से मैसेज भी भेजा जाएगा।

नियमों का आदतन उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की सूची तैयार कराई जाएगी। 53 हजार वाहन चालकों की पड़ताल की जा रही है। नोटिस भेजकर इनकी जांच कराई जाएगी। -सर्वेश चतुर्वेदी, एटआरटीओ, प्रशासन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें