मऊ (ब्यूरो)। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार की शाम एडीजी वाराणसी विश्वजीत महापात्र ने जिले के आला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण के लिए कार्रवाई का निर्देश दिया। साफ शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों डीजीपी ने अपराध नियंत्रण के लिए जो टिप्स दिए थे, सभी उस टिप्स को अपनी कार्य संस्कृति में लाएं। अपराध पर लगाम के लिए अपराधियों का सलाखों के पीछे होना जरूरी है। उन्होंने पुलिस को अपना सूचना तंत्र और मजबूत करने की नसीहत भी दी। समीक्षा बैठक में उन्होंने सूचीबद्ध अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही नियमित रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा। बैठक में एसपी अभिषेक यादव, एएसपी शिवाजी शुक्ला सहित कई आला अधिकारी मौजूद थे।