रामनगर। लंका क्षेत्र में शुक्रवार को रामलीला के दौरान गुब्बारे में हवा भरने वाली गैस का सिलिंडर फट गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल रहा। भीटी का रहने वाला रवीश कुमार गुब्बारा बेचने का काम करता है। लंका में अशोक वाटिका के पास मैदान में गैस से गुब्बारा फुला रहा था। रामलीला लगभग खत्म हो गई थी और आरती की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान गैस की टंकी में तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया। गैस की टंकी उड़ कर लगभग 40 मीटर दूर एक स्कूल पर जा कर गिरी। रामलीला के स्वरूप इसी स्कूल में रह रहे थे। विस्फोट में रवीश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा करण, विकास औए कृष्ण को मामूली चोटें आई। कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। सभी को शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रवीश को छोड़ कर सभी को घर भेज दिया गया।