वाराणसी। कबीरचौरा अस्पताल के मोर्चरी हाउस के बाहर मंगलवार को संदिग्ध हाल में मृत प्रियंका चौधरी के परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर हंगामा करने लगे। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने से रोक दिया। जानकारी होने पर कोतवाली और मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने गुस्साए परिजनों को समझाबुझाकर शांत कराया। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मंडुवाडीह थाना अंतर्गत शिवदासपुर क्षेत्र निवासी दिलीप की पत्नी प्रियंका का शव सोमवार की रात घर में फंदे से लटका हुआ मिला था। अदलहाट से आए प्रियंका के परिजनों के अनुसार ससुराल के लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। मांग न पूरी होने पर उसे फंदे से लटका कर मार डाला। मायके वालों की तहरीर पर पर पति दिलीप और ससुर के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में दहेज हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।