ज्ञानपुर। इस सीजन में रुक-रुककर हो रही बारिश से किसान खुश हैं। देेरी से आए मानसूून के बावजूद बारिश के मौजूदा रुख से किसानों ने धान की अच्छी फसल की उम्मीद जताई है। कृषि विभाग भी इस बार लक्ष्य से ज्यादा पैदावार को लेकर आश्वस्त है। माना जा रहा है कि थम-थम कर हो रही बरसात से धान के साथ-साथ अन्य फसलों को भी फायदा पहुंचेगा। इस बार मानसून के देरी से आने से धान की फसल को लेकर किसान मायूस हो चुके थे। बड़ी संख्या में किसानों ने इस बार धान की खेती नहीं करने का फैसला कर लिया था। लेकिन, देर से आए मानसून ने किसानों के इरादे बदल दिए। लगातार बारिश होते देख बड़ी संख्या मेें किसानों ने कम समय में ही आनन फानन में धान की रोपाई शुरू की थी। उम्मीद से ज्यादा हो रही बारिश से किसान धान की लहलहाती फसल देखकर फूले नहीं समा रहे हैं। भिदिउरा गांव निवासी किसान छबीला पाठक, तेजोपुर निवासी किसान ठोकई और भुड़की निवासी अवधेश ने कहा कि किसान बरसात के लिए इंद्रदेव से प्रार्थना कर रहे थे। इंद्रदेव ने उनकी प्रार्थना सुनी और जिले में लगातार हो रही मानसूनी बरसात ने किसानों के चेहरे पर खुशी बिखेर दी। जिले की बड़ी आबादी नहरों की पहुंच से दूर है। इससे खरीफ और जायद की फसलों के लिए बरसात ही सहारा रहती है। हालांकि इस बार सामान्य से अधिक बरसात होने के चलते धान की फसल के साथ अन्य फसलें भी अच्छी होने की उम्मीद है। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने बताया कि पूर्वांचल के अन्य जिलों की अपेक्षा भदोही में अच्छी बारिश हुई है। यह दलहन, तिलहन ज्वार, बाजरा समेत कुछ अन्य फसलों को छोड़कर बाकी सभी सफलों के लिए फायदेमंद है। इस बार धान उत्पादन का लक्ष्य 92 हजार 204 एमटी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि अच्छी बारिश के कारण इस बार लक्ष्य के ज्यादा उत्पादन होगा।