वाराणसी। जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टाइनमायर 22 मार्च को अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक नौकायन करेंगे। इस बाबत सोमवार को जर्मनी सरकार के अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा का जायजा लिया। जर्मनी के अधिकारियों ने दिन में डीएम योगेश्वर राम मिश्र के साथ बैठक भी की। जल्द ही जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टाइनमायर का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी किया जा सकता है। अब तक के कार्यक्रम के मुताबिक फ्रैंक वाल्टर स्टाइनमायर दिन में करीब दस बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके साथ पचास सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा। बाबतपुर से वह सीधे सारनाथ जाएंगे जहां वह धम्मेख स्तूप, संग्रहालय और महाबोधि मंदिर देखेंगे। इसके बाद वह ताज होटल में लंच करेंगे। इसके बाद अस्सी घाट जाएंगे जहां से वह बजड़े पर दशाश्वमेध घाट जाएंगे। यहां से वह बीएचयू में छात्रों से रूबरू होंगे। शाम को गंगा आरती देखने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। रात करीब आठ बजे वह बाबतपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।