वाराणसी। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए शहर के व्यापारियों के साथ शुक्रवार को एसएसपी आरके भारद्वाज और एसपी यातायात सुरेशचंद्र रावत ने पुलिस लाइन में बैठक की। व्यापारियों की ओर से पुलिस को कई सुझाव दिए गए जिस पर पुलिस ने अमल करने का भरोसा दिलाया। बैठक में शामिल बारात घर संचालकों की ओर से भी पुलिस को सुझाव दिए गए। एसएसपी ने समस्त लॉन संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने लॉन के अंदर व बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरा लगवाएं व वैवाहिक/उत्सव कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए अपने स्तर से पर्याप्त कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए। 40 टीआरवी कर्मी प्रशिक्षण प्राप्त जनपद में उपलब्ध हैं जिनसे ड्यूटी नही ली जा रही है, न्यूनतम मजदूरी 350 रुपये प्रति व्यक्ति का भुगतान करके यातायात हेल्पलाइन नं0 7317202020 पर काल करके उनकी सेवायें प्राप्त की जा सकती हैं। लॉन संचालकों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उक्त पुलिस बल का वेतन का खर्च सम्बन्धित लॉन संचालक से वसूल कर राजकीय कोष में जमा कराया जाएगा।