वाराणसी। मौनी अमावस्या के चलते प्रयागराज में भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक बुधवार को हटी तो एनएच-2 पर वाहनों की कतार लग गई और देखते ही देखते हाईवे जाम की गिरफ्त में आ गया। टोल प्लाजा पर सबसे ज्यादा यह समस्या नजर आई। यह समस्या कम न होता देख शुक्रवार को एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने इंस्पेक्टर लंका को टोल प्लाजा के मैनेजर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि विश्वसुंदरी पुल के ऊपर चंदौली से मोहनसराय जाने वाले लेन पर एक बालू लदा ट्रक खराब हो गया है। इसके कारण लंबा जाम सोनभद्र व मिर्जापुर की तरफ लग गया है। टेंगरा मोड़ से विश्वसुंदरी पुल पर चढ़ने वाले वाहनों को आगे बढ़ने के लिए जगह नहीं मिला तो लोग ‘रांग साइड’ से घुसने लगे। इसके कारण दूसरे लेन मोहनसराय से चंदौली व मिर्जापुर जाने के लिए, नीचे उतरने वाला मार्ग भी जाम हो गया। क्रेन मंगवाकर खराब ट्रक को हटवाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन सामान्य हुआ। हाइवे पर जाम लगने के कारण गुरुवार की रात से दोपहर तक शव वाहन, परिवहन विभाग की बसें व निजी बसों के साथ ही काशी यात्रा पर आए पर्यटक व सैलानियों के वाहन इसमें फंसे रहे। सबसे ज्यादा समस्या हाइवे के किनारे गांवों व कालोनियों में रहने वाले लोगों को उठानी पड़ी। सर्विस लेन में गाड़ियों के घुसने के कारण पैदल चलने की जगह तक नहीं बची थी। स्कूली बसें भी जाम के चलते सर्विस लेन में फंसी थी।