ज्ञानपुर। अतिक्रमण से जिले की सड़कें सिकुड़ती जा रहीं हैं। इससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। राहगीरों और आमजन का आवागमन मुश्किलों भरा हो गया है। ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, औराई समेत जिले के तमाम प्रमुख नगरों में भारी अतिक्रमण है। अस्थायी दुकानदार और ठेले-खोमचे वाले सड़क पर बढ़ाकर दुकान सजाते हैं। इससे आए दिन जाम लग रहा है और लोग बेहाल हैं। यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए ज्ञानपुर, भदोही और गोपीगंज नगर में सड़कें चौड़ी हुईं, लेकिन अतिक्रमण के आगे व्यवस्था धरी की धरी रह गई है। प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण होने से चौड़ी सड़कें भी सिकुड़कर संकरी हो गईं हैं। इसकी वजह से यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। यात्री और वाहन हर रोज जाम से जूझ रहे हैं। खासकर महिलाएं और स्कूली बच्चे अधिक परेशान हो जाते हैं। ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज मार्ग, भदोही- गोपीगंज मार्ग, गोपीगंज के खरहटी मोहाल, भदोही- दुर्गागंज मार्ग, अजीमुल्ला चौराहा, गजिया मार्ग, इंदिरा मिल चौराहा, चौरी बाजार, गोपीगंज के ज्ञानपुर रोड पर अतिक्रमण ने सड़कों को छोटा कर दिया है। ज्ञानपुर नगर में हरिहरनाथ मंदिर के आसपास से लेकर राजा पार्क और दीवानी न्यायालय के आसपास सड़क पूरी तरह अस्थायी दुकानों और ठेले-खोमचों वालों की गिरफ्त में है। इसी तरह मुख्यालय रोड, गोयल गली और कोतवाली रोड, पुरानी बाजार आदि में भी सड़कें अतिक्रमण की चपेट में आकर कराह रहीं हैं। दुकान का सामान फुटपाथ पर चढ़कर सजाने की होड़ सी मच गई है। जिधर देखिए उधर ही सामान को सड़क पर कब्जा करके रख दिया गया है। साथ ही आड़े-तिरछे बेतरतीब खड़े वाहनों की पार्किंग चौड़ी सड़कों को भी पगडंडी तब्दील कर दी हैं। इससे यातायात व्यवस्था चौपट हो गई है। दिन में सड़कें सिकुड़ जाती हैं। प्रशासनिक और पुलिस अफसर भी इस नजारे को अपनी आंखों से देखते हैं, लेकिन कुछ कर नहीं पाते। गाहे-बगाहे पुलिस अतिक्रमण के खिलाफ डंडा फटकारकर शांत हो जाती है। इसके दो दिन बाद हालात फिर जस के तस।