बाबतपुर। वाराणसी आने और जाने वाली लगभग एक दर्जन उड़ाने शनिवार को विलंबित रहीं जिसके चलते यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद से वाराणसी आने वाली स्पाइस जेट का विमान एसजी 0971 अपने निर्धारित समय सुबह के 09:15 बजे से 5:30 घंटा की देरी से दोपहर 2:45 बजे वाराणसी पंहुचा। यही विमान एसजी 0972 बनकर छह घंटा की देरी से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरा। दिल्ली की जेट एयरवेज की उड़ान 9 डब्ल्यू 375, 2:30 घंटे लेट रहा। दिल्ली से ही आने वाला जेट एयरवेज का विमान 9 डब्ल्यू 820 एक घंटा विलंबित रहा। दिल्ली से गया होकर वाराणसी आने वाला एयर इंडिया का विमान एआई 433 सवा तीन घंटा देरी से दिल्ली पहुंचा। वहीं दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 06ई 535 ढाई घंटा देरी से वाराणसी पहुंचा। दिल्ली से आने वाली विस्तारा एयरलाइंस की उड़ान एक घंटे लेट रही। इसके अलावा लगभग आधा दर्जन अन्य उड़ाने भी आधे से एक घंटे तक विलंबित रहीं। इस दौरान यात्री और उनके परिजन परेशान रहे। स्पाइस जेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने बताया की अहमदाबाद की फ्लाइट में तकनिकी दिक्कत की वजह से देरी हुई। वहीं अन्य एयरलाइंस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर कंजेशन को देरी की मुख्य वजह बताया।