वाराणसी। संकट मोचन संगीत समारोह में शिरकत करने काशी पहुंचे पार्श्वगायक सोनू निगम ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का दर्शन पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखी। गंगा आरती के नयनाभिराम दृश्य को उन्होंने अपने मन और जेहन में बसा लिया। मां गंगा को नमन कर आशीष मांगा। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा और सचिव हनुमान यादव ने उन्हें स्मृति चिह्न समेत प्रसाद भेंट किया। इस दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। पार्श्वगायक सोनू निगम को देखने के लिए सड़कों से लेकर घाट की सीढि़यों तक लोगों को हुजूम उमड़ा था। बाबा दर्शन कर सोनू निगम में संकट मोचन मंदिर में हनुमत दरबार में भी हाजिरी लगाई।