ज्ञानपुर। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू हो गई है। 17 मार्च से विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में कापियों का मूल्यांकन किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। मगर उत्तर पुस्तिकाओें के संकलन केंद्र पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। मंगलवार को कोठार की सुरक्षा में कोई भी कर्मी तैनात नहीं मिला। जिले में कापियों की जांच विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में होगी। जांच के लिए 10वीं और 12वीं की ढाई लाख कापियां पहुंच चुकी हैं। मगर अभी तक माध्यमिक शिक्षा परिषद से कोई गाइडलाइन नहीं आई है। मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक वीएनजीआसी के प्रधानाचार्य नीरज त्रिपाठी ने बताया कि मूल्यांकन के लिए कितने टेबल बनाए जाएंगे, इसका निर्णय अभी नहीं हो सका है। बोर्ड कार्यालय से निर्देश आने के बाद ही इसका निर्णय होगा।